विदेश

न्यूयॉर्क में दिवाली पर रहेगी स्कूलों में छुटटी, तेजी से बढ़ी है हिंदू आबादी

न्यूयॉर्क

अमेरिका के न्यूयॉर्क शहर के स्कूलों में अब दीपावली के पर्व पर सरकारी छुट्टी रहेगी। शहर के एरिक एडम्स ने यह घोषणा की है। शहर में भारतीय मूल के लोगों की बढ़ती आबादी के मद्देनजर यह फैसला लिया गया है। इस साल दिवाली का त्योहार 12 नवंबर को मनाया जाना है। हालांकि न्यूयॉर्क के स्कूलों में इस साल दिवाली पर छुट्टी नहीं रहेगी क्योंकि कैलेंडर पहले से ही घोषित किया जा चुका है। अगले साल से दिवाली की छुट्टी रहा करेगी। न्यूयॉर्क प्रशासन का कहना है कि शहर में करीब 2 लाख लोग ऐसे हैं, जो दिवाली का पर्व मनाते हैं।

यह त्योहार मनाने वाले लोगों में हिंदू, सिख, जैन और बौद्ध संप्रदाय के लोग शामिल हैं। मेयर एरिक एडम्स ने कहा कि न्यूयॉर्क एक ऐसा शहर है, जो लगातार बदलता रहता है। हम दुनिया भर के लोगों का यहां स्वागत करते रहे हैं।' उन्होंने कहा कि हमारे स्कूलों के कैलेंडर में जमीन पर जो नई सच्चाई है, वह दिखनी चाहिए। दिवाली पर छुट्टी के प्रस्ताव को गवर्नर के पास भेजा गया है, जिनकी मंजूरी के बाद यह नियम बन जाएगा। मेयर एरिक एडम्स ने 2021 में पद संभाला था और चुनाव प्रचार के दौरान ही ऐलान किया था कि वह सत्ता में आते ही दिवाली पर छुट्टी का फैसला लेंगे।

अब जाकर उन्होंने अपना वादा पूरा किया है। बता दें कि न्यूयॉर्क सिटी समेत अमेरिका में भारतीय मूल के लोगों की बड़ी आबादी है। बीते कुछ सालों में इस संख्या में तेजी से इजाफा हुआ है। रोजगार के अलावा पढ़ाई के लिए भी बड़ी संख्या में लोग अमेरिका जा रहे हैं। सेंसस ब्यूरो के अनुसार न्यूयॉर्क में बीते तीन दशकों में भारतीय मूल के लोगों की संख्या दोगुनी हो गई है। 1990 में भारतीय मूल के लोगों की संख्या 94 हजार थी, जो अब तेजी से बढ़ते हुए 2 लाख 13 हजार हो गई है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button