वीके सिंह बने वॉटर रेगुलेटरी अथॉरिटी के अध्यक्ष, छह माह बाद भरा गया पद

चंडीगढ़.
पंजाब सरकार ने वरिष्ठ आईएएस अधिकारी वीके सिंह को पंजाब स्टेट वॉटर रेगुलेटरी अथॉरिटी का नया अध्यक्ष नियुक्त किया है। वीके सिंह मुख्यमंत्री भगवंत मान के स्पेशल चीफ सेक्रेटरी रह चुके हैं और नवंबर 2025 में सेवानिवृत्त हुए थे। यह पद पिछले करीब छह महीनों से खाली पड़ा था।
इस अथॉरिटी के पहले अध्यक्ष पंजाब के पूर्व मुख्य सचिव करण अवतार सिंह थे, जो छह माह पहले रिटायर हो गए थे। उनके बाद से अध्यक्ष पद रिक्त था। पंजाब स्टेट वॉटर रेगुलेटरी अथॉरिटी राज्य में जल संसाधनों के संरक्षण, उपयोग और वितरण से जुड़े मामलों की निगरानी करती है। इसके साथ ही जल दरों के निर्धारण, भूजल प्रबंधन और जल नीति से संबंधित सिफारिशें भी अथॉरिटी के दायरे में आती हैं। पंजाब में गिरते भूजल स्तर और सिंचाई के लिए बढ़ती निर्भरता को देखते हुए इस अथॉरिटी की भूमिका महत्वपूर्ण मानी जाती है।
लंबे प्रशासनिक अनुभव के चलते वीके सिंह से जल प्रबंधन से जुड़े लंबित मामलों में तेजी आने की उम्मीद जताई जा रही है। सरकारी सूत्रों के अनुसार नियुक्ति नियमों के तहत की गई है और अथॉरिटी के कामकाज को गति देने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है।




